मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक, इन जिलों में भारी बारिश के आसार,संवाद न्यूज एमडी कमलेश कुशवाहा की स्पेशल रिपोर्ट

0
249

भोपाल

मानसून का इंतजार कर रहे एमपी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आज से मानसून की प्रदेश में एंट्री हो रही है और प्रदेशभर में धमाकेदार बारिश के आसार है। मौसम विभाग की माने तो मध्यप्रदेश में मानसून सेट हो गया है। यह अब साउथ ईस्ट के बैतूल और सिवनी को छूते हुए छत्तीसगढ़ और बिहार से आगे बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों में बैतूल में बारिश हो रही है। आने वाले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम विभाग की माने तो एमपी में मानसून की एंट्री की तारीख पहले से 15 जून को तय है। रविवार को मानसून मध्य अरब सागर, उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्से, मुंबई, छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्से, झारखंड, बिहार के कुछ और भाग दक्षिणी गुजरात तथा दक्षिणी मध्य प्रदेश तक पहुंचेगा। उत्तरी उड़ीसा में ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। मानसून की दोनों शाखाएं बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ज्यादा सक्रिय हैं, जिसकी वजह से मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। सबसे पहले होशंगाबाद, जबलपुर और इंदौर में होगी। मानसून की उतरी सीमा अभी महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड के कई जिलों से गुजर रही है। मानसून की एंट्री के साथ ही इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश होगी।

उधर, मानसून की आहट के साथ शनिवार को मालवा-निमाड़, महाकौशल, विंध्य के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इस बार मध्य प्रदेश में मॉनसून अच्छे की संभावना जताई गई है। इस बार मध्य प्रदेश में 104 फीसदी ज्यादा बारिश का अनुमान है।इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई । शनिवार को सतना में 32, उमरिया में 23, छिंदवाड़ा में 11, सीधी में 9, पचमढ़ी में 3 मिमी. बरसात हुई।

इन जिलों में भारी बारिश के आसार

वहीं मौसम विभाग ने कुछ जिलों में रविवार को जोरदार बारिश की आशंका जताई है। सिवनी, खरगोन, नरसिंहपुर, अलीराजपुर, अनूपपुर, बड़वानी, बैतूल, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, हरदा, जबलपुर, झाबुआ और खंडवा शामिल है। इन जिलों में जबरदस्त बारिश होने की संभावना है।इसके अलावा रीवा, सागर और भोपाल में भी बारिश की संभावना है, जबकि ग्वालियर और चंबल संभागों में कहीं-कहीं पानी गिर सकता है।

कमलेश कुशवाहा, एमडी संवाद न्यूज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here