बुद्ध जयंती पर विश्व हिन्दू परिषद के कार्याध्यक्ष श्री आलोक कुमार, एडवोकेट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, संवाद न्यूज डिप्टी हेड अनुपम गुप्ता की स्पेशल रिपोर्ट

0
217

संवाद न्यूज – तथागत बुद्ध की जयंती उनके जीवन और दर्शन पर विचार करने का सुअवसर हैI बुद्ध जयंती के दिन मानवमात्र की समता के भगवान के सन्देश को दुबारा स्मरण करना चाहिएI उनके लिए कोई छोटा, पतित या अस्पृश्य नहीं था। उनके जीवन की कुछ घटनायें बड़ी उद्बोधक हैI वह स्वयं शाक्यवंश के थेI एक बार शाक्यवंश के ही कुछ बड़े लोग उनके पास दीक्षा लेने के लिए आयेI उसी समय नाई समाज का उपालि भी दीक्षा लेने आयाI बुद्ध ने सबसे बात करने के बाद निर्णय दिया कि उपालि को आज दीक्षा दूँगा बाकि लोगों को कल दूँगा और इस तरह उपालि को शाक्यवंश के उन लोगों से वरिष्ठ कर दियाI

एक सफाई कर्मचारी सुणीत थाI बुद्ध की यात्रा के समय वो दीवार के साथ रूककर खड़ा हो गया। बुद्ध ने उसको जाकर निमंत्रित किया, आओ सत्यमार्ग पर, आओ बुद्ध के मार्ग परI उन्होंने अछूत कहे जाने वाले सोपाक और छोटी जाति के कहे जाने वाले कुप्पत-पुर को भी प्रेमपूर्वक दीक्षा दी। इसलिए उनकी जयंती के दिन सब मनुष्यों को समानता का उपदेश अपने हृदय में धारण करके जाति या किसी भी आधार पर छोटे बड़े के भाव को हमें अपने से दूर करना चाहिएI

उनके जीवन में यह प्रश्न भी उठा कि महिलाओं को धम्म में शामिल किया जाये या नहीं। उनके सदैव साथ रहने वाले आनंद ने भी इस बहस में बहुत आग्रह से कहा कि महिलाओं को पुरुषों के सामान अवसर मिलना चाहिएI बुद्ध ने इस मत को स्वीकार करके महाप्रजापति, गौतमी और अन्य लोगों को संघ में शामिल कर लियाI महिलाओं की समानता का इससे बड़ा उदहारण और कोई नहीं हो सकताI

तथागत बुद्ध के लिए कोई पतित नही थाI संत नही हो सके, ऐसा कोई व्यक्ति नही थाI आम्रपाली नामक वेश्या ने उन्हें अपने घर बुलाया। उनके शिष्यों ने आपत्ति कीI पर बुद्ध उसका निमंत्रण स्वीकार करके उसके घर गये, भिक्षा ग्रहण की और उसको मुक्त कियाI अंगुलिमाल तो एक दुर्दान्त डाकू थाI वह बुद्ध के मार्ग पर आयाI बुद्ध ने उसको प्रवेश भी दिया और भिक्क्षु भी बनायाI बुद्ध ने यह साबित कर दिया कि प्रत्येक व्यक्ति का भूत कैसा भी रहा हो, पर उसका एक भविष्य हैI 

बुद्ध ने यह भी कहा था कि तुमको मुक्त करने कोई और नही आएगा, अप्पो देवो भवI बुद्ध ने कभी किसी को मुक्त करने का आश्वासन नहीं दियाI उन्होंने कहा वह मार्गदर्शक हैं, मोक्षदाता नहीं हैI अपना विकास स्वयं करना हैI अपना गुण, संवर्धन अपने आप करना हैI अपने पुरुषार्थ से ईश्वर को प्राप्त करना हैI उन्होंने कर्मकाण्डों का विरोध कियाI सरल, सहज उस समय की भाषा में अपने धर्म को व्यक्त कर दियाI उन्होंने अपने धम्म में अपने लिए कोई विशेष स्थान भी नहीं रखाI

मैं समझता हूँ कि बुद्ध के उपदेश आज भी उतने ही सत्य और सामायिक हैं जितने उस समय, जब वह दिए गये थेI
इसलिए विश्व हिन्दू परिषद उनकी जयन्ती पर तथागत बुद्ध को स्मरण करती हैI उनके उपदेशों का सम्मान करती है और यह संकल्प लेती है कि समानता का, स्त्रियों को बराबरी का सहभाग देने का और मनुष्यों के कल्याण के लिए उसके स्वयं के पुरुषार्थ के सन्देश को वह सम्पूर्ण देश में फैलाएगी। जिससे भारत दोबारा से सामर्थ्यशाली और बलशाली होकर, विश्व गुरु की अपनी भूमिका निभा सके-आलोक कुमार

अनुपम गुप्ता, डिप्टी हेड संवाद न्यूज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here